14 जून विश्व रक्तदाता दिवस विशेष... मां की याद में रक्तमित्र बने गुड्डू16 वर्षों में 6 हजार से अधिक लोगों की बचाई जान DNA न्यूज नेटवर्क। गोंदिया

16 वर्षों में 6 हजार से अधिक लोगों की बचाई जान 
DNA न्यूज नेटवर्क। गोंदिया 
संकट के समय जब कोई रक्तदान करने के लिए आगे आता है तो मरीज एवं उसके परिजनों को उस रक्तदाता में साक्षात भगवान के दर्शन होते है। इसी सेवा भावना को अपने जीवन का संकल्प बनाकर गोंदिया और आस-पास के क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा कर रहे है रक्तमित्र विनोद चांदवानी। वे पिछले 16 वर्षों से निरंतर हर समय जरूरतमंदों की पुकार पर रक्तदान करने एवं रक्तदाता उपलब्ध कराने के कार्य में जुटे हुए है। उन्होने अब तक 6 हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों तक समय पर रक्त पहुंचाकर उनकी जान बचाने का कार्य किया है। वे स्वयं भी अब तक लगभग 45 बार रक्तदान कर चुके है। साल-दरसाल बिना थके और बिना रूके, दिन हो रात, हर समय जरूरतमंदों की मांग पर वे हमेशा तत्पर रहते है। विनोद चांदवानी को निस्वार्थ सेवा के इस मार्ग पर चलने की प्रेरणा अपनी मां पुष्पादेवी चांदवानी से मिली। आज भले ही उनकी मां इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उनकी यादे और संस्कार उनके कार्यों में जीवित है। उन्होने बताया कि एक बार उनकी मां की तबियत अत्याधिक खराब होने के कारण उन्हे रक्त की सख्त जरूरत थी। उनका ब्लड ग्रुप ए-निगेटीव था, जो बेहद दुर्लभ माना जाता है। उस समय उन्हे सुबह से लेकर शाम तक रक्त की व्यवस्था के लिए दर-दर भटकना पड़ा। उस घड़ी जब कोई रक्तदाता सामने आकर यह कहता की मै आपकी मां को ए-निगेटीव रक्त दूंगा, तो उसमें उन्हे साक्षात भगवान नजर आते थे। उनके पास दुर्लभ श्रेणी के ओ-निगेटीव, ए-निगेटीव एवं बी-निगेटीव रक्त ग्रुप वाले रक्तदाताओं की डोनर लिस्ट तैयार है। ऐसा ब्लड ग्रुप हजारों में किसी एक में पाया जाता है। इस सूची के भरोसे ही वे बेहद गंभीर और आपातकालीन स्थितीयों में भी चंद मिनिटों के अंदर दुर्लभ रक्त समूह की व्यवस्था करा देते है। आज गोंदिया शहर में ही नहीं बल्कि आस-पास के ग्रामीण एवं सुदुर क्षेत्रों में भी जब किसी को इमरजेंसी में रक्त की आवश्यकता होती है, तो उनका नाम सबसे पहले आता है। इतना ही नहीं किसी को भी रक्त के अभाव में अपनी जान न गवानी पड़े इसके लिए वे रक्तदान शिविरों के माध्यम से शासकीय ब्लड बैंकों को रक्त भी उपलब्ध कराते है। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर उन्होने आम युवाओं से अपील की है कि वे आगे आए और रक्तदान करें। क्योकि आपका रक्तदान किसी दुसरे को नई जिंदगी दे सकता है।  

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post