DNA न्यूज़। गोंदिया
महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक शाखा गोरेगांव के बैंक प्रतिनिधि द्वारा ग्राहकों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी करने का एक चौकाने वाला मामला सामने आने से ग्राहकों में रोष निर्माण हो गया है। इस संदर्भ में शाखा प्रबंधक से संबंधित ग्राहकों द्वारा मौखिक तथा लिखित शिकायते की जा रही है। जिसे गंभीरता से लेते हुए बैंक प्रबंधक भी सतर्क होकर जांच पड़ताल में जुट गए है।
बता दें की गोरेगांव में महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक की शाखा है। जिसमें लगभग 15 हजार तक खाताधारक है। जिनमे से अधिकांश निराधार, किसान व सामान्य ग्राहको के बैंक खाते है। प्रति दिन लाखों का व्यवहार इस बैंक से किया जाता है। बैंक प्रशासन की ओर से बैंकों का कामकाज अधिक गति से हो इस उद्देश्य को लेकर बैंक प्रतिनिधियों की नियुक्ति कर आर्थिक लेनदेन पर उन्हें मानधन उपलब्ध किया जाता है। लेकिन कुछ बैंक प्रतिनिधि अपने पदों का दुरूपयोग कर ग्राहकों के साथ धोखाधडी भी करने से पिछे नहीं हट रहे है। इसी तरह का एक मामला गोरेगांव में स्थित महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक की शाखा में सामने आने से ग्राहकों में खलबली मच गई है। बताया गया है की बैंक प्रतिनिधि डेविड नान्हे नामक प्रतिनिधि पर विश्वास रखते हुए ग्राहकों द्वारा बैंकों में जमा करने के लिए राशि दी जाती थी। जिसके बाद उस प्रतिनिधि द्वारा बकायदा जमा करने की रसीद भी दी जाती थी। लेकिन जब कुछ ग्राहकों ने बैंकों में जाकर बैंक पास बुक में एंट्री की तो पता चला की दी गई राशि जमा नहीं की गई। तब कहीं यह मामला उजागर हुआ। इस मामले की जानकारी महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक शाखा के प्रबंधक को दी गई तो वे भी आश्चर्यचकित हो गए। जिसे लेकर संबंधित ग्राहकों ने अपने साथ धोखाधड़ी होने की मौखिक तथा लिखित शिकायत बैंक प्रबंधक से की है। इस मामले से ग्राहकों में हड़कंप मच गया है।
शिकायते मिल रही है
बैंक में राशि जमा नहीं होने की जानकारी सामने आने से संबंधित बैंक खातेधारकों द्वारा मौखिक तथा लिखित शिकायते मिल रही है। इस संदर्भ में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डी.पी. कांबडे, शाखा प्रबंधक, महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक, गोरेगांव
Post a Comment