DNA न्यूज। गोंदिया
गोरेगांव तहसील के सड़क अर्जुनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत मुरदोली के खेत परिसर में स्थित कुए में बाघ का तैरता हुआ शव दिखाई देने की घटना शनिवार 11 जुलाई को शाम 5 बजे के दौरान सामने आयी है। इस घटना से वन्यजीव प्रेमी व नवेगांव-नागझिरा अभयारण्य विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एनएनटीआर की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर बाघ के शव को निकालने की प्रक्रिया समाचार लिखे जाने तक चल रही थी।
बता दें कि नवेगांव-नागझिरा व्याघ्र प्रकल्प के बफर जोन क्षेत्र में मुरदोली यह ग्राम आता है। जो घने जंगलों से सटा हुआ है। हमेशा बाघ का परिवार इस परिसर में विचरण करते हुए कई बार राहगिर तथा सफारी करने वाले पर्यटकों को दिखाई दिए। मुरदोली निवासी रोशनलाल कटरे जब वे अपने खेत जाकर धान फसल देख रहे थे कि इसी दौरान उनके खेत में स्थित कुए में बाघ का शव तैरते हुए दिखाई दिया। घटना की जानकारी किसान रोशनलाल कटरे ने एनएनटीआर के अधिकारियों को दी। जानकारी मिलते ही एनएनटीआर की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक बाघ के शव को निकाला नहीं गया था। इस तरह की जानकारी एनएनटीआर के उपसंचालक प्रितमसिंग कोडापे ने दी है।
खुले कुए बन रहे मौत का कारण
बता दें कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों ने अपने खेतों में सिंचाई कुओं का निर्माण किया है, लेकिन कुए के चारों ओर कोई सुरक्षा दिवार या मुंडेर नहीं होने के कारण यह खुले कुए वन्यजीवों के मौत के कारण भी बन रहे है। सुरक्षा दिवार या मुंडेर नहीं होने के कारण वन्यजीव विचरण करते समय खुले कुए में गिर जाते है। इसके पूर्व अनेक घटनाएं इस तरह की घटित हो चुकी है। जिसे देखते हुए अब यह चर्चा शुरू हो गई कि जब मुरदोली बफर जोन पर्यटन गेट शुरू करने के पूर्व एनएनटीआर द्वारा क्षेत्र की सभी खुली कुओं को सुरक्षा दिवार, मुंडेर या जालियां लगाना चाहिए था। उपरोक्त घटना को देखते हुए मांग की जा रही है कि बफर जोन क्षेत्र से सटी सभी सिंचाई कुओं को सुरक्षा जाली या मुंडेर लगाई जाए।
إرسال تعليق